फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 3 मई। गंगा में डूब जाने से युवक जयदेव लोधी राजपूत की मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया। जयदेव थाना मऊदरवाजा के ग्राम कटरी भीमपुर निवासी गिरंद का 32 वर्षीय पुत्र था। जयदेव शाम को दिलीप की मडैया स्थित गंगा में नहाते समय डूब गया, गांव वालों ने प्रयास करके जयदेव को गंगा से बाहर निकाला। गिरंद रात करीब 8.20 बजे बेटे जयदेव को गंभीर अवस्था में लोहिया अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने जयदेव को मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवा दिया।
रिश्वतखोर कानूनगो पर केस दर्ज
तहसील कायमगंज के नायब तहसीलदार हर्षित सिंह ने भटासा क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक विजय पाल के विरुद्ध भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराया है। नायब तहसीलदार हर्षित सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 30.4.26 को तहसील कायमगंज में कार्यरत कार्मिक विजयपाल राजस्व निरीक्षक भटासा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उक्त कार्मिक को पैसे दिये जा रहे है। उक्त वीडियो के संबंध में एक अन्य खबर दैनिक समाचार पत्र के 1.5.26 के संस्करण में भी छापी गई है।
उक्त वीडियो के संबंध में रा.नि. भटासा से दिनांक 1.5.26 को स्पष्टीकरण मांग गया। रा. नि. भटासा का स्पष्टीकरण संतोषजनक नही पाया गया। प्रथम दृष्टया, रा.नि. भटासा द्वारा वीडियो में लिये गये 200 रुपये सरकारी कार्य के एवज में उत्कोच दृष्टिगत होते है।
मुकदमे की जांच उप निरीक्षक राजेश कुमार को सौंपी गई है, आरोपी कानून को निलंबित कर दिया गया है।



