तहसील दिवस में गोल होने वाले अधिकारी का वेतन रुका: राजस्व की सर्वाधिक शिकायतें

फर्रूखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 16 मई। तहसील दिवस में गायब होने वाले अधिकारी का वेतन रोका गया। जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में हुआ। जिलाधिकारी ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबन्धित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की सर्वाधिक 35, पुलिस विभाग की 12, विद्युत विभाग की 5, नगर निकाय की 5 तथा अन्य विभागों की 8 शिकायतें शामिल रही। मौके पर राजस्व विभाग की 3 शिकायतों का निस्तारण कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई।

डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।, शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। समाधान दिवस के दौरान अधिशाषी अभियंता जल निगम ग्रामीण की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी, अधिकारी समाधान दिवस को गंभीरता से लें। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत प्रदान करना है, इसलिए सभी अधिकारी जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी अमृतपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!