किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने का विशेष अभियान 31 तक

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 16 मई। जनपद फर्रुखाबाद के किसानों के लिए बड़ी खबर है कि 31 मई तक चलेगा के0सी0सी0 विशेष संतृप्ति अभियान। जिला कृषि अधिकारी अरविंद मोहन मिश्र ने मीडिया को बताया विकास खण्ड स्तर पर एवं जनपद की समस्त बैंक शाखाओं में कैंप लगेंगें। शासन के आदेश के अनुपालन में जनपद फर्रुखाबाद के समस्त विकासखंडों और सभी बैंक शाखाओं में 31 मई 26 तक एक विशेष संतृप्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी और बैंक प्रतिनिधि सीधे आपके बीच पहुंचकर किसान क्रेडिट कार्ड (के०सी०सी०) से जुड़ी सभी सेवाओं का लाभ देंगे।

जिला प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा इस अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी पात्र किसान इस सुविधा से वंचित न रहे। कैंपों में नए किसान क्रेडिट कार्ड बनाने और पुराने के०सी०सी० खातों के नवीनीकरण का कार्य त्वरित गति से किया जाएगा। कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारी कैंप से पहले ही किसानों के घर-घर जाकर आवेदन पत्र तैयार करवाएंगे और उन्हें कैंप में जमा करवाएंगे। 20 व 21मई 28 से 29 मई तक जनपद के समस्त विकासखण्ड स्तरीय कैंपों के अलावा, अन्य कार्य दिवसों में जिले की सभी बैंक शाखाओं पर भी विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे।

जिन किसान भाइयों के केसीसी खाते किसी कारणवश ओवर ड्यू (बकाया) हो गए हैं, बैंक अधिकारी उनसे सीधा संवाद कर खाता सही कराने और देयता समाप्त करने में उनका मार्गदर्शन करेंगे। अभियान के दौरान किसानों को वित्तीय रूप से जागरूक भी किया जाएगा। श्री मिश्र ने कृषक भाईयों को सूचित किया है कि विशेष ध्यान दें यदि आप अपने के0सी0सी0 लोन का भुगतान समय पर करते हैं, तो शासन की नीति के अनुसार आपको ब्याज में विशेष छूट का लाभ मिलेगा। इसके विपरीत, लोन अदायगी में देरी होने पर अतिरिक्त (पेनाल्टी) ब्याज देना पड़ सकता है। इसलिए समय से भुगतान कर छूट का लाभ उठाएं। जनपद के समस्त कृषक भाइयों से अपील है कि वे 31 मई 2026 तक अपने नजदीकी विकास खंड या संबंधित बैंक शाखा में आयोजित होने वाले विशेष कैंप में अपनी खतौनी, आधार कार्ड और बैंक पासबुक के साथ अवश्य पहुंचें और इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

error: Content is protected !!