फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) बीती रात सीतापुर के बदमाशों ने अधिवक्ता राजेश पाठक के घर में कहर ढाया, बदमाशों ने अधिवक्ता के भतीजों को घायल का लाखों की नगदी व जेवरात लूटे। गांव वालों ने प्रयास करके दो बदमाशों को पकड़ लिया है। अधिवक्ता राजेश पाठक ने रिपोर्ट दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। बीती रात करीब 2.30 बजे 3 बदमाश अधिवक्ता राजेश पाठक के थाना राजेपुर के ग्राम कुइयां गांधी स्थित मकान में घुसे। 
खटपट की आवाज सुनकर अधिवक्ता के भतीजे वैभव उर्फ लालू व भानु जाग गए, जो कमरे में तीन अपरिचित लोगों को सहम गए। दोनों भाइयों ने साहस करके बदमाशों को कमरे में बंद कर दिया लेकिन शातिर बदमाश खिड़की से बाहर निकल गए। जिन्होंने तमंचे से गोली चलाकर व धारदार हथियार से हमला किया। 
नजदीक से चलाई गई गोली भानु के कंधे के मांस को चीरती हुई निकल गई, धारदार हथियार के हमले से लाल के सिर व मुंह में गंभीर चोट पहुंची। शोर की आवाज सुनकर परिजन व गांव वाले एकत्र हो गए, जिन्होंने प्रयास करके दो बदमाशों को पकड़ लिया। जिनमें जनपद सीतापुर थाना इमलिया के ग्राम बीबीपुर निवासी उमेश पुत्र हरिनाम एवं कुलवंत पुत्र अवध बिहारी शामिल है। पकड़े गए बदमाशों को थाना पुलिस के हवाले किया गया। बताया गया की तीसरा भागने वाला बदमाश लूटी गई नगदी व जेवरात ले गया है। 
अधिवक्ता राजेश पाठक ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि पकड़े गए बदमाशों के पास तमंचा कारतूस चाकू व लोहे की राड बरामद हुई है। बदमाशों का साथी घर से लूट गए 5 लाख रुपए, सोने की दो चेन, अंगूठी, बिछिया पायलें आदि जेवरात ले गए हैं। शिक्षक नेता भूपेश पाठक ने भाई देवेश पाठक के 30 वर्षीय पुत्र भानु प्रकाश एवं 34 वर्षीय पुत्र वैभव को आज सुबह लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने घटनास्थल पर व्यापक जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। 
एसपी आरती सिंह ने मीडिया को बताया कि बीती रात करीब 2. 30 बजे तीन मकान में घुसे थे चोरों की फायरिंग से दो लोग घायल हो गए जिनका इलाज के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, उनकी स्थिति सामान्य है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए चोर जनपद सीतापुर के हिस्ट्रीशीटर है घटना की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।



