फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 22 मई। जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गंगा दशहरा एवं बकरीद को बेहतर ढंग से सम्पन्न कराने की रानीत बनाई है। गंगा दशहरा एवं बकरीद त्योहार के लिए जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु विभिन्न विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पांचाल घाट पर मेडिकल कैम्प स्थापित किया जाए तथा घाट के दोनों ओर 2- 2 एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए। घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे एवं पुलिस वॉच टॉवर स्थापित किए जाएं तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही नाव, नाविक एवं गोताखोरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए तथा गंगा पुल पर लगी हाईमास्ट लाइट को तत्काल ठीक कराया जाए। पार्किंग स्थलों पर स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाए। उन्होंने श्रंगीरामपुर एवं ढाई घाट पर भी 2- 2 एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत को अपने सभी घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा सभी घाटों पर गोताखोरों की तैनाती कर उनकी सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि पांचाल घाट सहित सभी प्रमुख स्थलों पर पेयजल आपूर्ति, मोबाइल टॉयलेट एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त सभी घाटों पर पार्किंग व्यवस्था सुचारु रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। बकरीद के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सभी ईदगाहों एवं मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में बेहतर साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। निर्देशित किया गया कि मुस्लिम समुदाय क्षेत्रों में प्रतिदिन कम से कम दो बार कूड़ेदानों की सफाई कराई जाए तथा इसकी विशेष मॉनिटरिंग की जाए। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी खुली जगह पर नमाज अदा न की जाए। किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न की जाए तथा खुले में कुर्बानी न हो।
चिन्हित स्थलों पर ही कुर्बानी किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कुर्बानी से संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि सभी नागरिक एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें तथा आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास न करे। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा ट्रैफिक डायवर्जन का समय एवं रूट चार्ट पूर्व निर्धारित कर प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने आमजन से भी प्रशासन का सहयोग करने एवं शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, संबंधित अधिकारी, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
