फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 24 मई। गरीबी से दुखी युवक महेंद्र ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह दर्दनाक हादसा बीती शाम कोतवाली कायमगंज के ग्राम गऊटोला के खेत में हुआ है। गांव का 40 वर्षीय महेंद्र लोधी बीती शाम मक्के की फसल में पानी लगा रहा था उसकी बेटी सरिता भी खेत में मौजूद थी। तभी महेंद्र ने तमंचे से स्वयं को गोली मार ली, सरिता ने खून से लथपथ पिता को देखकर शोर मचाया। पड़ोसी ग्रामीण मौके पर पहुंचे, गंभीर घायल महेंद्र को सीएचसी कायमगंज ले जाया गया तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सीओ राजेश कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला की टीम ने अस्पताल में मृतक के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी की। पुलिस ने मौके पर भी जाकर जांच पड़ताल की, घटनास्थल पर मिले तमंचे को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। 
महेंद्र की पत्नी विमला देवी ने मीडिया को बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद घर में एक ही पंखा है। जिसको महेंद्र अकेले ही चलाकर सोता था। मैं अपने तीन बेटों हिंमाशु, आर्यन, सुदेश और दो बेटियों रेशमा, सरिता के लिए दूसरा पंखा लाने को कह रही थी। पंखे को लेकर पिछले दो दिनों से घर में विवाद हो रहा था। इसी बात को लेकर बीते दिन पति पत्नी में जबरदस्त झगड़ा हुआ था। मात्र दो बीघा जमीन होने के कारण महेंद्र तंबाकू की गोदाम पर मजदूरी करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि महेंद्र ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या की है तमंचे को बरामद कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
