डॉक्टर की लापरवाही से प्रसूता की मौत: ताला लगाकर गायब हो गए अस्पताल वाले

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 24 मई। डॉक्टर की लापरवाही से प्रसूता चांदनी की मौत हो जाने पर अस्पताल वाले ताला लगाकर गायब हो गए। कोतवाली कायमगंज के ग्राम गऊटोला निवासी अवकाश शाक्य की 20 वर्षीय पत्नी चांदनी पहली बार गर्भवती हुई थी परिजनों ने उसे कल 1 बजे कायमगंज पुल गालिब स्थित शिव हॉस्पिटल में भर्ती कराया। करीब 4 बजे चांदनी के प्रसव से बच्ची पैदा हुई। अस्पताल वालों ने शाम 6 बजे ही प्रसूता चांदनी को नाजुक अवस्था में ही जबरन घर भेज दिया जबकि चांदनी के जेठ अवधेश ने तुरंत घर ले जाने पर आपत्ति की थी। हालत बिगड़ने पर चांदनी को रात 9 बजे उसी अस्पताल में ले जाया गया। अस्पताल वालों ने किसी परिजन को अस्पताल में घुसने नहीं दिया और अस्पताल में लगे बैनर व पोस्टर हटाकर ताला लगाकर चले गए।

जब चांदनी की हालत गंभीर हो गई तो उसे फर्रुखाबाद के आवास विकास तिराहा स्थित माया हॉस्पिटल ले जाया गया, वहां डॉक्टर ने चांदनी को मृत घोषित कर दिया। चांदनी की बच्ची को लोहिया अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया की अस्पताल वालों ने चांदनी के भरती कराए जाते समय 30000 हजार रुपए जमा कराए थे बच्ची के पैदा होने पर खुशी में रुपए मांगे 3 हजार रुपए व मिठाई का डिब्बा दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया की बच्ची के सिर पर चोट है जबरन प्रसव कराए जाने से उसको चोट लगी है।

इलाके की आशा मीनेश ने भी महिला के प्रसव के मामले में कोई सहयोग नहीं किया। बताया जाता है कायमगंज क्षेत्र की आशाएं एवं सरकारी अस्पताल की नर्से अस्पताल में आने वाली प्रसुताओं को प्राइवेट अस्पतालों में भिजवाकर मोटा कमीशन बसूल करती है। शिव हॉस्पिटल में कोई योग्य डॉक्टर नहीं है झोला छाप इलाज करते हैं। इसे पूर्व कई प्रसुताओं की मौत हो चुकी है। सांगांठ होने के कारण स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है जिससे झोलाछाप डॉक्टरों के हौसले बुलंद है, जो मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। जनपद एटा थाना जैथरा के ग्राम गढ़िया निवासी राम भरोसे की पुत्री चांदनी का डेढ़ वर्ष पूर्व ही विवाह हुआ था। बीते दिनों ही डिप्टी सीएमओ रंजन गौतम ने अस्पताल के निरीक्षण के दौरान आशा बहुओं को लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी थी।

error: Content is protected !!