जिले की छवि धूमिल करने वाले अनेकों अधिकारियों का रोका गया वेतन: आईजीआरएस का मामला

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़)26 मई। जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने आईजीआरएस के मामले में शासन की छवि धूमिल करने वाले लापरवाह अधिकारियों का वेतन रोकने का फरमान जारी किया है। डीएम ने आज 1व मई तक प्राप्तआईजीआरएस की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शिकायतों के निस्तारण में अत्यंत लापरवाही, शिथिलता एवं शासनादेशों की अवहेलना पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की। समीक्षा में पाया गया कि अधिशासी अधिकारी नगर पालिका फर्रुखाबाद एवं नगर पंचायत मोहम्मदाबाद, पूर्ति निरीक्षक कायमगंज, अधीक्षण अभियन्ता विद्युत, अधिशासी अभियन्ता विद्युत ग्रामीण, नगरीय एवं कायमगंज, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कमालगंज, शमसाबाद, कायमगंज, नवाबगंज एवं राजेपुर।

जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता जल निगम ग्रामीण, उप निदेशक कृषि, सहायक विकास अधिकारी पंचायत बढ़पुर, कायमगंज, शमसाबाद, राजेपुर, नवाबगंज, कमालगंज एवं मोहम्मदाबाद, तथा खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुर, कमालगंज एवं राजेपुर द्वारा आई0जी0आर0एस0 के निस्तारण में स्थिति अत्यंत आपत्तिजनक पाई गई। डीएम ने समीक्षा में पाया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा न तो आई0जी0आर0एस0 संदर्भों की नियमित समीक्षा की जा रही है और न ही शिकायतों का निस्तारण शासनादेश में निहित व्यवस्था के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराया जा रहा है।

साथ ही शिकायत कर्ताओं से शत-प्रतिशत संपर्क स्थापित न किए जाने के कारण मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे जनपद की रैंकिंग प्रभावित हो रही है। शासन स्तर पर जनपद की छवि धूमिल हो रही है।जिलाधिकारी ने कहा कि आईजी आरएस प्रणाली शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्मिलित है। मुख्यमंत्री द्वारा जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण को विशेष महत्व दिया गया है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता न बरतना अनुशासनहीनता, कार्य के प्रति शिथिलता, अकर्मण्यता एवं प्रशासनिक अक्षमता का परिचायक है।
उक्त परिस्थितियों को अत्यंत गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों का माह मई का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश जारी किए।

सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने सुसंगत स्पष्टीकरण साक्ष्यों सहित 3 दिवस के भीतर प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से संपर्क स्थापित कर शासनादेशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाए।

error: Content is protected !!