प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना: युवाओं से आवेदन आमंत्रित

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 27 मई। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य ने समस्त शिक्षित एवं रोजगारोन्मुख युवाओं को सूचित किया है कि भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुख अनुभव प्रदान किये जाने हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। योजना के अंतर्गत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवा, जिन्होंने स्नातक, डिप्लोमा, आई०टी०आई०, इंटरमीडिएट अथवा हाईस्कूल उत्तीर्ण किया है, आवेदन करने के पात्र होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी योजना के आधिकारिक पोर्टल pminternship.mca.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को देश के 19 विभिन्न सेक्टरों की लगभग 500 शीर्ष कंपनियों में इंटर्नशिप का अवसर प्रदान किया जायेगा। योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को इंटर्नशिप अवधि के दौरान न्यूनतम रुपये 9000 प्रतिमाह की वित्तीय सहायता एक वर्ष तक प्रदान की जायेगी। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी द्वारा कार्यभार ग्रहण करने पर रूपए 6000 की एकमुश्त अनुदान राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रदान की जायेगी। ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान अभ्यर्थी द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर पोर्टल स्वतः बायोडाटा तैयार करेगा। तत्पश्चात संबंधित कंपनियां अपने चयन मानकों एवं प्रक्रियाओं के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें इंटर्नशिप ऑफर प्रदान करेंगी।

प्रधानाचार्य ने समस्त पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु समय से ऑनलाइन आवेदन करें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ायें। अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय अथवा योजना के आधिकारिक पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।

error: Content is protected !!