फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 27 मई। भारत मौसम विज्ञान विभाग केंद्र लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद में आगामी दिनों में मौसम अत्यंत खराब रहने की संभावना है। विभाग द्वारा 28 मई से 30 मई 2026 तक तेज आंधी, तड़ित झंझावात, तेज हवाएं तथा ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम पूर्वानुमान:
28 मई 2026 (Day-2):
आंधी एवं तड़ित झंझावात की संभावना।
हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा तथा झोंकों में 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
29 मई से 30 मई 2026 (Day-3):
तीव्र आंधी एवं तड़ित झंझावात की संभावना।
हवा की गति 70 से 80 किमी प्रति घंटा तथा झोंकों में 90 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना।
कई स्थानों पर ओलावृष्टि होने की भी प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। संभावित प्रभाव:
कच्चे मकानों, झोपड़ियों एवं अस्थायी ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है।
पेड़, होर्डिंग्स एवं बिजली के खंभे गिरने की संभावना।
विद्युत आपूर्ति बाधित हो सकती है। तेज हवाओं एवं धूलभरी आंधी के कारण दृश्यता कम होने से सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है।
आम, केला, पपीता सहित बागवानी फसलों एवं खड़ी कृषि फसलों को नुकसान की आशंका। पशुओं के खुले में रहने पर दुर्घटना की संभावना बढ़ सकती है।
जनसामान्य हेतु सावधानियां:
खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर सुरक्षित रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। खिड़की-दरवाजों को अच्छी तरह बंद रखें एवं ढीली वस्तुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें।
पेड़ों, बिजली के खंभों एवं टूटे तारों से दूर रहें।
बिजली कड़कने के दौरान मोबाइल चार्जिंग, टीवी, कंप्यूटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग रखें।
वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं तथा खुले मैदानों में जाने से बचें।
मौसम संबंधी अद्यतन जानकारी प्रशासन एवं मौसम विभाग के माध्यम से प्राप्त करते रहें।
किसानों हेतु विशेष सलाह:
गन्ना, मक्का एवं अन्य लंबी फसलों को सहारा देकर बांधें। सब्जियों एवं बागवानी फसलों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें। ओलावृष्टि से बचाव हेतु नेट, पॉलीशीट अथवा अन्य सुरक्षात्मक आवरण का उपयोग करें।
कटाई योग्य फसलों की शीघ्र कटाई एवं सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करें।
आम के बागों में गिरे फलों को तुरंत अलग करें ताकि सड़न न फैले।
पशुपालकों हेतु सलाह:
पशुओं को खुले स्थान पर न बांधें तथा सुरक्षित शेड में रखें।
पशुओं के चारे एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर लें। जनपद प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल अधिकृत मौसम बुलेटिन एवं प्रशासनिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
