70 किलोमीटर की रफ्तार से तूफान: बिजली गिरने की संभावना

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 28 मई। फर्रुखाबाद सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आंधी, तेज हवाओं एवं बिजली गिरने की संभावना के दृष्टिगत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सचेत ऐप के माध्यम से प्राप्त मौसम संबंधी सूचना के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कुछ स्थानों पर तेज आंधी, गरज चमक के साथ वर्षा एवं आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। इस संबंध में जारी ऑरेंज अलर्ट में कहा गया गया है कि प्रभावित जनपदों में बहराईच, बलरामपुर, बांदा, भदोही, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कौशांबी, कुशीनगर, सीतापुर, सोनभद्र एवं उन्नाव सम्मिलित हैं। इन जनपदों में 50-60 किमी प्रति घंटा से लेकर 70 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा बिजली गिरने की संभावना है।

जनसामान्य से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतें एवं अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। किसान भाई खेतों में कार्य करते समय सतर्क रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें। खुले मैदान, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों एवं टीन शेड के आसपास खड़े होने से बचें। मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाकर उपयोग न करें तथा विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखें। आंधी एवं बिजली गिरने की स्थिति में पक्के भवन में शरण लें। यदि वाहन चला रहे हों तो सुरक्षित स्थान पर वाहन रोक दें। पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नागरिकों से अपील है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें।

क्या करें (Do’s):

• मौसम विभाग की चेतावनियों पर नियमित नजर रखें।

• सुरक्षित भवन में रहें एवं खिड़की-दरवाजे बंद रखें।

• मोबाइल में “सचेत” एवं “दामिनी” ऐप का उपयोग करें।

• बिजली कटने की स्थिति हेतु टॉर्च एवं आवश्यक सामग्री तैयार रखें।

क्या न करें (Don’ts):
• पेड़, बिजली के खंभे या खुले मैदान के पास न खड़े हों।

• खराब मौसम में मोटरसाइकिल अथवा खुले वाहन से यात्रा न करें।

• जलभराव वाले क्षेत्रों एवं टूटे विद्युत तारों के पास न जाएं।

• अफवाहों एवं अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा न करें।

जनसामान्य से अनुरोध है कि सतर्कता एवं सावधानी बरतते हुए सुरक्षित रहें।

error: Content is protected !!