फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 29 मई। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने हिमाचल के सोलन में शादी कर ली है। राजसत्ता पोस्ट ने यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल की है। मेरठ उत्तर प्रदेश की राजनीति के दो चर्चित युवा चेहरों मेरठ के जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी और फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव की शादी अब कंफर्म हो गई है। दोनों ने 28 मई को हिमाचल प्रदेश के सोलन में बेहद निजी कार्यक्रम में सात फेरे लिए। गौरव चौधरी के एक पारिवारिक मित्र ने राजसत्ता पोस्ट से बातचीत करते हुए शादी की पुष्टि की है।
पारिवारिक मित्र ने बताया कि शादी समारोह को पूरी तरह निजी रखा गया था, जिसमें दोनों परिवारों के बेहद करीबी सदस्य और खास मित्र ही शामिल हुए। उन्होंने कहा कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और परिवार की सहमति के बाद 28 मई को सोलन में विवाह संपन्न हुआ। शादी के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है। शादी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं को लगातार शुभकामनाएं दी जा रही हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर समर्थक और परिचित दोनों को नई जिंदगी की बधाई दे रहे हैं।
गौरव चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में तेजी से उभरते युवा नेता माने जाते हैं। वह लंबे समय तक जर्मनी में रहकर बिजनेस करते रहे और बाद में भारत लौटकर राजनीति में सक्रिय हुए। वर्ष 2021 में भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में मेरठ जिला पंचायत अध्यक्ष बने थे। युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वहीं मोनिका यादव फर्रुखाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं और वह उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री व समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता नरेंद्र सिंह यादव की पुत्री हैं। मोनिका यादव का पूर्व मे विवाह समाजवादी पार्टी के राजनीतिक घराने में वरिष्ठ सपा नेता सांसद से हुआ था,लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई और जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में सक्रिय राजनीति में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
सूत्रों के अनुसार गौरव चौधरी की भी यह दूसरी शादी है। इससे पहले वह अपनी पहली पत्नी के साथ विदेश में रह चुके हैं और उनकी एक बेटी भी है। दोनों का तलाक हो चुका है। अब गौरव चौधरी और मोनिका यादव के विवाह की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि दोनों नेताओं की ओर से अभी तक कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है,लेकिन पारिवारिक स्तर पर शादी की पुष्टि होने के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों द्वारा लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
