फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 1 जून। जिलाधिकारी ने अव्यवस्थाओं वाली गौशालाएं ग्राम पंचायतों को सौपे जाने का फरमान जारी कर लापरवाह सचिव का वेतन रोक दिया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में गो आश्रय स्थल जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं, संरचनात्मक सुविधाओं, गोवंश संरक्षण, वित्तीय प्रबंधन तथा संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की समस्त गौशालाओं में आगामी वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत वृहद स्तर पर पौधरोपण की तैयारी सुनिश्चित की जाए तथा तीन दिवस के भीतर कार्ययोजना सहित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
समीक्षा के दौरान गौशाला कड़ियोली एवं मौधा में भूमि ऊसर होने के कारण लगाए गए पौधों के सूखने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को भूमि उपचार एवं पौधों की बेहतर वृद्धि हेतु आवश्यक तकनीकी एवं सुधारात्मक कार्यवाही करने की हिदायत दी। बैठक में यह भी पाया गया कि गैर सरकारी संस्था (एनजीओ) द्वारा संचालित गौ आश्रय स्थल सितवनपुर पिथू एवं सुल्तानपुर पलनापुर का संचालन संतोषजनक नहीं है। इस पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से इन गौ आश्रय स्थलों का संचालन संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए, जिससे व्यवस्थाओं में सुधार लाया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकास खंडों में संचालित प्रत्येक गौशाला का सप्ताह में कम से कम एक बार निरीक्षण करें तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं, पशुओं के स्वास्थ्य, चारे, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का नियमित रूप से परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान गौ आश्रय स्थल बसेली में नोडल अधिकारी के निरीक्षण के समय अभिलेख उपलब्ध न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए संबंधित ग्राम पंचायत सचिव का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए।
खंड विकास अधिकारी बढ़पुर को गौ आश्रय स्थल नेपुर खुर्द के संपर्क मार्ग की खराब स्थिति के संबंध में तत्काल ब्लॉक प्रमुख से समन्वय स्थापित कर मार्ग को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। जिससे आवागमन एवं व्यवस्थाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न हो। गौ आश्रय स्थल भरतामऊ में विद्युत कनेक्शन न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित खंड विकास अधिकारी को दस दिवस के भीतर विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराते हुए अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में बृहद गौ संरक्षण केंद्र पहाड़पुर के गोपालकों को पिछले छह माह से मानदेय का भुगतान न होने का मामला भी सामने आया।
इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि 2 दिन के भीतर संबद्ध ग्राम पंचायतों से एसएफसी पूलिंग की धनराशि एकत्रित कर सभी गोपालकों के लंबित मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंश संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा गौ आश्रय स्थलों के संचालन में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
