भाकियू महात्मा टिकैत गुट का धरना: स्कूल से सामान चोरी

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 1 जून। कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में भाकियू महात्मा टिकैत गुट के किसानों ने धरना, एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्राम नंदगांव में भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के बैनर तले किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर करीब तीन घंटे धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और महिला किसान शामिल रहीं। किसानों ने एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि गंगा एक्सप्रेस-वे लिंक रोड के कट की जद में आ रहे नंदगांव के मकानों को बचाया जाए। साथ ही नीव करोरी, हथियापुर और निविया चौराहे पर प्रस्तावित घुमावदार कटों को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर समांतर बनाया जाए।

इसके अलावा पृथ्वी सिनौडा क्षेत्र की चकबंदी निरस्त करने की भी मांग उठाई गई। धरना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, अपराध निरीक्षक मुन्ना लाल यादव तथा चौकी प्रभारी जसवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। एसडीएम सदर गजराज सिंह यादव ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को प्रशासन को भेजा जाएगा और उच्च स्तर से प्राप्त निर्णय से उन्हें अवगत कराया जाएगा। किसान यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।।

विद्यालय में चोरी

थाना क्षेत्र के नगला सुरजन स्थित प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल कूदकर चोर बीती रात परिसर में घुसे। कमरों के ताले तोड़कर कीमती सामान निकाल ले गए। प्रधानाध्यापिका प्रतिभा चौहान को गांव के कोटेदार ने फोन कर जानकारी दी कि खेत में विद्यालय का गैस सिलेंडर, अभिलेख रजिस्टर और स्पोर्ट्स किट का बैग पड़ा है। रजिस्टर में विद्यालय के शिक्षामित्र पवन पाल का नाम दर्ज है। सूचना मिलने पर प्रधानाध्यापिका विद्यालय पहुंचीं और पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। रिपोर्ट के लिए पुलिस को दी गई तहरीर में अवगत कराया गया कि विद्यालय से एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, तीन माह का राशन, स्पोर्ट्स किट, समर पाइप, साउंड सिस्टम, स्टेशनरी किट, गणित किट, आंगनबाड़ी व बाल वाटिका किट, डस्टबिन, स्कूल रजिस्टर समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख और शैक्षिक सामग्री गायब है। चोरी की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई । पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!