विश्व पर्यावरण दिवस पर वन मंत्री ने पौधे लगाये: कई संस्थानों में वृक्षारोपण

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज) 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस पर वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने पौधे लगाये। जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण किया गया।
वन व पर्यावरण मंत्री अरूण कुमार सक्सेना एवं सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने वृक्षारोपण किया।

सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी जिले में आये वन मंत्री के साथ निनौआ वन चेतना केंद्र पहुंचे। वन चेतना केंद्र पर वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि आज का लक्ष्य 5 करोड़ वृक्षारोपण करना था, जो पूरा हो गया और लक्ष्य उसका केंद्र फर्रुखाबाद बना है। सदर विधायक ने कहा कि वह एक वृक्षारोपण का अभियान पोस्टमार्टम हाउस के आस-पास चलाएंगे, जिससे कुछ समय बाद वह धूप में बैठने वाले लोगों को छाया मिल सके।

विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग में कार्यक्रम

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सरैया फर्रुखाबाद में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को समर्पित भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता तथा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। संस्था डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे ने कार्यक्रम में आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। पर्यावरण संरक्षण विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों ने जागरूकता रैली में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी अतिथियों एवं प्रबंधन समिति ने सहभागिता कर वृक्षारोपण किया। इस दौरान सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अतिथि सुधेश दुबे ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण ही मानव जीवन की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला मंत्री भाजपा श्रीमती श्वेता दुबे ने अपने संबोधन में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जल संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित अभियान को बढ़ावा देने पर बल दिया।

संस्था चेयरमैन एवं जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देकर सभी अतिथियों को धन्यवाद दिया । कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व प्रशासनिक अधिकारी सिंचाई विभाग सुधेश दुबे , पर्यावरण संरक्षण प्रभारी एवं जिला मंत्री भाजपा श्वेता दुबे जी, प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा भाजपा वी.के. गंगवार , प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा भाजपा आदित्य मिश्रा, पूर्व ज़िला अध्यक्ष किसान मोर्चा भाजपा सुभाष वर्मा, संस्था चेयरमैन एवं जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे, संस्था डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे, प्राचार्य स्टाफ एवं समस्त विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।

सीपी स्कूल में मनाया गया पर्यावरण दिवस

विश्व पर्यावरण दिवस पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीपी इंटरनेशनल स्कूल की टीचर्स कॉलोनी के शिक्षकों द्वारा विद्यालय में वृक्षारोपण एवं पौधों की सिंचाई का कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के शिक्षकों एवं उनके परिवारजनों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए तथा उनकी देखभाल का संकल्प लिया। विद्यालय के निदेशक डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। उपनिदेशक श्रीमती अंजू राजे ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। प्रधानाचार्य पी. रथ ने वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया, जबकि उप प्रधानाचार्य नवीन शाक्य ने इसे आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व बताया।

इस अवसर पर नरेश कुमार, देवानंद राजपूत, श्रवण कुमार मिश्र, श्रीमती रीना सिंह, गुरुदेव कश्यप तथा स्पृहा, आराध्या, शिवाय एवं शिवालिक सहित अन्य शिक्षक एवं परिवारजन उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।

एशियन कंप्यूटर में जागरूकता कार्यक्रम

श्री विश्वनाथ सामाजिक संस्थान द्वारा संचालित एशियन कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा प्रकृति संरक्षण के महत्व को समझाना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण विषय पर पोस्टर निर्माण एवं मॉडल प्रस्तुतीकरण किया गया। पोस्टर निर्माण गतिविधि में अर्पित, आदित्य आर्यन, मयंक गुप्ता, संध्या, सपना, तनिष्का, प्रज्ञा, शिवांगी, अनुष्का, विनय, अनन्य, प्रिंस वर्मा, गणेश मिश्रा, परी मिश्रा एवं प्रिंस बाजपेयी ने भाग लिया।

विद्यार्थियों ने अपने पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण का संदेश दिया। मॉडल प्रस्तुतीकरण में अभि अग्निहोत्री, सपना, बांदिनी दुबे, अनुष्का कुशवाहा एवं आयुष द्विवेदी ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। आकांक्षा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्थान परिवार ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन सुपर्णा मिश्रा ने किया तथा फाल्गुनी भैरवानी ने व्यवस्था में सहयोग किया। इस अवसर पर राधिका सोमवंशी, शैलेन्द्र मिश्रा सहित छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

डिवाइन लाइट स्कूल में वृक्षारोपण

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार वित्तीय लेखा सहायक सुश्री सोनम सचान निर्देशानुसार युवा क्लब अध्यक्ष रचना के संयोजक में “माय भारत – फर्रुखाबाद” द्वारा आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल, कुटरा, फतेहगढ़ में वृहद वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अमित सक्सेना एवं विशिष्ट अतिथि शिवानी कटियार डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य राकेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कर किया गया। इस अवसर पर माय भारत केंद्र के श्री वरिष्ठ प्रेम शंकर श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।

“साँसें हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएं हम” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में नीम, आम अमरूद, जामुन एवं अन्य छायादार व फलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, एनवाईके से संबद्ध युवा मंडलों के स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों सहित अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वृक्षारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता एवं शपथ ग्रहण का आयोजन भी किया गया। सभी प्रतिभागियों ने एक-एक पौधा गोद लेकर उसकी देखभाल का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि श्री सक्सेना ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में पेड़ लगाना केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। राहुल वर्मा ने कहा कि माय भारत का उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर स्वच्छ और हरित भारत का निर्माण करना है।

इस अवसर पर धीरज ,सत्या,मिष्टी,एंजेला,मनीष,प्रियंका,सुप्रया आदि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल प्रशासन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं सभी प्रतिभागियों का विशेष सहयोग रहा।

error: Content is protected !!