डीएम का कहर: दागी लेखपाल निलंबित, 2 को प्रतिकूल प्रविष्टि

फर्रूखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 6 जून। तहसील कायमगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने दागी लेखपाल को निलंबित कर 2 लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आज तहसील कायमगंज सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस हुआ। जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 216 शिकायतें प्राप्त हुई। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक राजस्व विभाग की 76, पुलिस विभाग की 54, विद्युत विभाग की 28, विकास विभाग की 32, खाद्य एवं रसद विभाग की 5, नगर विकास विभाग की 8 तथा अन्य विभागों की 13 शिकायतें दर्ज कराई गई। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही 15 शिकायतों का निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने मऊ रशीदपुर क्षेत्र के लेखपाल योगेंद्र यादव एवं संबंधित राजस्व निरीक्षक शिवनारायण तिवारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। बलीपुर क्षेत्र के लेखपाल कप्तान सिंह को शिकायत की जांच में दोषी पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता अथवा लापरवाही को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जायेगा।

error: Content is protected !!