डीएम की स्ट्रीट वेंडरों की सुविधाओं के लिए पहल

फर्रूखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 16 जून। जिलाधिकारी ने वेंडिंग जोन एवं मॉडल शॉप विकास हेतु विभिन्न स्थलों का किया स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। जिले में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने, स्ट्रीट वेंडरों को बेहतर एवं व्यवस्थित व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहरी सौंदर्यीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फतेहगढ़ एवं फर्रुखाबाद नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर वेंडिंग जोन एवं मॉडल शॉप विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम फतेहगढ़ स्थित कैंट क्षेत्र, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय परिसर के आसपास का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि उक्त स्थल को सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन के रूप में विकसित किया जाए तथा सुरक्षा एवं सौंदर्यीकरण की दृष्टि से इसके किनारों पर रेलिंग स्थापित कराई जाए।

डीएम ने मिशन कंपाउंड के सामने संचालित स्ट्रीट वेंडरों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी वेंडरों का सर्वेक्षण एवं पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नवयुग योजना के अंतर्गत इस क्षेत्र में मॉडल शॉप विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के मैदान के सामने स्थित भूमि पर भी स्ट्रीट वेंडरों के लिए सुव्यवस्थित मॉडल शॉप विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्थायी व्यापारिक स्थान उपलब्ध कराया जा सके। लाल सराय पहुंच कर डीएम ने नजूल भूमि का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस भूमि का समुचित उपयोग करते हुए यहां मल्टीलेवल पार्किंग का विकास किया जाए तथा सब्जी विक्रेताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेंडिंग जोन स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, अतिक्रमण की समस्या में कमी आएगी तथा नागरिकों एवं स्ट्रीट वेंडरों दोनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावित परियोजनाओं की कार्ययोजना समयबद्ध ढंग से तैयार कर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ उनका शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!