मनोज अग्रवाल की नजर भाजपा की टिकट पर: साइकिल पर भी हो सकते हैं सवार

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) पूर्व एमएलसी एवं प्रमुख समाजसेवी मनोज अग्रवाल की निगाह अब भाजपा की टिकट पर टिक गई है। वह हर हालत में सदर विधायक बनना चाहते हैं। चर्चा है कि भाजपा से टिकट न मिलने पर वह पलटी मार कर साइकिल पर भी सवार हो सकते हैं। श्री अग्रवाल विधायक बनने की उम्मीद में ही भाजपा में शामिल हुए थे। बीते दिनों नगर पालिका के द्वारा मनाया गया जश्न इसी ओर इशारा करता है। श्री अग्रवाल ने सभासद एवं पूर्व सभासदों को सम्मानित कराकर नगर के प्रमुख लोगों की वाहवाही लूटी। उन्होंने भव्य कार्यक्रम में किसी भी जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता को जानबूझकर नहीं बुलाया। श्री अग्रवाल ने अपने संबोधन के दौरान 3 माह से 2 साल तक नगर पालिका के द्वारा कराए जाने वाले प्रमुख कार्यों का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया की नगर पालिका महर्षि वाल्मीकि, रानी अवंती बाई एवं सम्राट अशोक के स्तंभ नगर पालिका क्षेत्र में लगाया जाएगा। इसके लिए स्थान चयनित कर लिया गया है। भगवान परशुराम की मूर्ति की स्थापना मसेनी चौराहा एवं सेंट्रल जेल चौराहे पर करायेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मूर्ति लगाने के लिए सरकार से अनुमति ली जाएगी। उन्होंने बताया की शादी सगाई मुंडन आदि घरेलू कार्यक्रमों के लिए नगर के पांच स्थानों पर मंडपम बनाए जाएंगे। संत गाडगिल महाराज के नाम से बधौआ में, बाबा साहब के नाम से पुलमंडी में, महिर्ष कश्यप के नाम से मोहल्ला चोबदारान में मोहल्ला अंगूरी बाग एवं एक अन्य जगह महापुरुषों के नाम से मंडपम बनाए जाएंगे। जिनमें कार्यक्रम के लिए नाम मात्र का शुल्क वसूल किया जाएगा।

महापुरुषों की मूर्ति लगवाने एवं उनके नाम से मंडपम बनवाने का प्रयास करने वाले मनोज अग्रवाल ने सर्व समाज के लोगों को प्रभावित किया है। नगर पालिका में 18 वर्षों तक चेयरमैनी करने वाले अग्रवाल दंपति को लोकसभा एवं 2 बार विधानसभा चुनाव हारने का मलाल है। पार्टी में न रहने के बावजूद भी अग्रवाल परिवार ने बीते चुनाव में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी की अंदर खाने मदद की है।

error: Content is protected !!