फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 21 जून। नशे में विवाद होने पर युवक दीपचंद शाक्य उर्फ पंखिया को मार कर फांसी पर लटकाया गया। हत्या करने वाला युवक भी पकड़ा गया। पंखिया कोतवाली कायमगंज के ग्राम चिलसरी निवासी कर्मवीर शाक्य का 25 वर्षीय पुत्र था बीती रात पंखिया एवं गांव के महेश जाटव के पुत्र रोहित उर्फ भीम ने शराब की दावत उड़ाई। नशा हो जाने पर दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान भीमा ने डंडों से पीट कर पंखिया को मार डाला और पंखिया के शव को गांव के बीरबल के बाग में आम के पेड़ पर फांसी पर लटका दिया। पंखिया की हत्या करने के बाद दबंग भीमा पड़ोसी गांव नगला कंजड़ ममापुर में शराब पीने गया।
वहां भीमा ने शराब के नशे में मिथुन गिहार को बताया कि मैंने पंखिया को मार कर फांसी पर लटका दिया है वह बहुत बोलता था। यह जानकारी मिलते ही गिहार लोगों ने डायल 112 को सूचना देकर भीमा को पकड़वा दिया। भीमा की निशादेही पर पुलिस ने पंखिया के शव को बरामद कर लिया। जबरदस्त पिटाई होने से पंखिया का शरीर लहूलुहान था। गांव के गुरदयाल शाक्य के रिश्तेदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। काफी समय से रिश्तेदारी में रहने वाले युवक के कपड़ों पर खून लगा देखा गया था। पकड़े जाने पर उसने पुलिस को बताया कि मेरे सामने ही भीमा ने पंखिया को पीट कर मार डाला।
मैंने पंखिया को बचाने का काफी प्रयास किया भय के कारण मैंने घटना की किसी को जानकारी नहीं दी। बताया जाता है की दबंग भीमा ने गांव के झब्बू लाल राठौर एवं ममापुर निवासी यादव की हत्या के मामले में जेल जा चुका है उसने झब्बूलाल को कुएं में धक्का देकर मारा था जबकि यादव की गला रेत कर हत्या की थी। पुलिस ने भीमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पंखिया चार भाइयों में सबसे बड़ा था उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। उसका करीब 5 साल का पुत्र है पंखिया की मौत पर परिवार की महिलाएं बिलखती रही।

