फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 21 जून। डेरी वालों ने बीती रात कार सवार लोगों की पिटाई कर फायरिंग की। पुलिस से बदसलूकी कर पकड़े गए साथी को छुड़ा ले गए। नगर के मोहल्ला पल्ला जटवारा निवासी स्वर्गीय ललित मिश्रा के पुत्र उत्कर्ष मिश्रा उर्फ भूरा ने बीती रात नवाबगंज निवासी दो दोस्तों के साथ रेलवे स्टेशन स्थित होटल पर खाना खाया। भूरा दोस्तों की कार में सवार होकर घर जा रहे थे। कई लोगों ने रास्ते में अंग्रेजी शराब ठेके के निकट कार को रोकने का प्रयास किया। कार को निकाल कर भगाया गया आगे महादेवी मूर्ति स्थल के निकट अनेकों लोगों को खड़ा देखकर कार को मोहल्ला बागकूंचा की ओर भगाया गया। सड़क पर बाइक खड़े होने के कारण कार को रोकना पड़ा तभी अनेकों लोगों ने कार को घेर लिया।
कार सवार जान बचाकर भागे इस दौरान भूरा की जमकर पिटाई की गई और भागते समय फायरिंग की गई। गिर जाने के कारण एक दोस्त के पैर में चोट लगी। सूचना मिलते ही रेलवे रोड चौकी इंचार्ज कल्पेश चौधरी एक सिपाही के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस में प्रयास करके एक हमलावर को पकड़ लिया तभी पकड़े गए युवक के परिवार की महिलाओं सहित अनेकों लोग पहुंच गए। जिन्होंने पुलिस से बदसलूकी कर पकड़े गए युवक को छुड़ा लिया। घटना के संबंध में उत्कर्ष मिश्रा उर्फ भूरा ने ज्ञात व अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दर्ज कराई रिपोर्ट में भूरा ने कहा है कि 20 जून को समय 23 बजे हम लोग नारायण होटल से खाना खाकर अपने घर वापस जा रहे थे। रास्ते मे शराब के नशे मे अमन मिश्रा पुत्र सुशील मिश्रा, शिवम मिश्रा पुत्र सुशील मिश्रा, देव मिश्रा पुत्र स्व० डब्बू मिश्रा, अर्पित मिश्रा पुत्र सुनील मिश्रा, सुशील मिश्रा पुत्र विद्यासागर निवासीगण बागकूंचा व 5-6 अज्ञात लोगो ने मोहल्ला बागकूंचा में सड़क पर रोक लिया और गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। जब हमने गाली देने से मना किया तो सभी लोगो ने एक राय होकर कहा कि गोली मार दो इसको इस पर उन्ही में से किन्ही दो लोगो ने जान से मारने की नियत से मुझ पर दो अलग अलग फायर कर दिये जिसके बाद मै गिर गया। गिरने के कारण मुझे गोली नही लगी और सभी लोग एक राय होकर पकड़ कर मारपीट करने लगे।
मारपीट मे मेरे बाये कान पर चोट लग गयी जिससे मुझे कुछ भी सुनाई नही दे रहा है। फायर की आवाज सुनकर मौके पर पुलिस वाले आ गये पुलिस को देखकर सभी लोग जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गये। घटना की जानकारी देते हुए उत्कर्ष मिश्रा ने एफबीडी न्यूज़ को बताया की पुलिस ने मेरा परीक्षण कराया है अधिक चोट लगने के कारण कान से अभी भी सुनाई नहीं पड़ रहा है शरीर पर काफी चोटें लगी है भागते समय गिर जाने से साथी के पैर में भी चोट लगी है। हमलावर को छुड़ाए जाने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
(मुन्ना गुप्ता की रिपोर्ट)

