ट्रेन से कटकर अधिवक्ता घायल: भेजे गए अस्पताल

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 21 जून। ट्रेन से कटकर बुजुर्ग अधिवक्ता अमरनाथ पांडे के घायल हो जाने से परिजन परेशान हो गए। कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला नगला दीना निवासी 60 वर्षीय अमरनाथ पांडे की बहन श्रीमती उर्मिला नगर फर्रुखाबाद के मोहल्ला बजरिया में रहती है। अधिवक्ता बहन के यहां ट्रेन से आते जाते थे, वह आज बहन के घर से अपने घर जाने के लिए शाम 5.30 बजे फर्रुखाबाद स्टेशन पर कासगंज से लखनऊ जाने वाली ट्रेन में सवार हुए। जब ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 4 से आगे गुजर रही थी उसी समय बोगी से नीचे गिर जाने के कारण अधिवक्ता अमरनाथ पांडे का पैर घुटने के नीचे ट्रेन से कट गया। घटना की जानकारी न होने के कारण ट्रेन फतेहगढ़ की ओर चली गई।

घायल अधिवक्ता रेलवे ट्रेक के बीच पटिया पर खामोश बैठे रहे, उनके पैर से खून रिश्ता रहा। उन्होंने फोन पर पुलिस एवं परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलने पर जीआरपी थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह पाल एवं आरपीएफ प्रभारी ओम प्रकाश मीणा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाने के लिए एम्बुलेंस को सूचना दी। रास्ता भटक जाने से एंबुलेंस कहीं और पहुंच गई, उधर स्टेशन प्रबंधक ने भी एम्बुलेंस के लिए फोन किया। करीब आध घंटे बाद दो एंबुलेंस पहुंच गई घायल अधिवक्ता को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा गया। समझा जाता है कि अधिवक्ता बोगी के गेट पर खड़े थे।
(मुन्ना गुप्ता की रिपोर्ट)

error: Content is protected !!