फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 23 जून। आज ज्येष्ठ माह के अंतिम मंगलवार को मेजर एसडी सिंह विश्वविद्यालय परिवार ने बघार, भोजपुर में विशाल भंडारे का आयोजन किया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। साथ ही जिले के सभी हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जगह-जगह सुंदरकांड पाठ हुए।
ज्येष्ठ माह के हर मंगलवार को मेजर एसडी सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डाॅ0 अनार सिंह के निर्देशन में विश्वविद्यालय परिवार ने विश्वविद्यालय परिसर के बाहर भंडारे का आयोजन किया था। आज अंतिम मंगलवार को भी विश्वविद्यालय परिवार की ओर से भंडारा आयोजित हुआ, जिसमें सब्जी कचैड़ी के साथ-साथ शरबत का वितरण किया।
विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक डाॅ0 अतिक्ष सिंह ने स्वयं अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। भंडारा से पूर्व कुलाधिपति डाॅ0 अनार सिंह एवं विश्वविद्यालय परिवार ने कलियुग के सबसे बड़े देवता बजरंगबली की पूजा अर्चना की और देश-दुनिया में शांति और समृद्धि कामना की। डाॅ0 अनार सिंह ने कहा आज मानवता की सेवा की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए हर समर्थ व्यक्ति को आगे आना चाहिए। जो जिस लायक है उसे दूसरे की सहायता करनी चाहिए। कुलाधपति ने कहा भगवान हनुमान का चरित्र हमें त्याग एवं समर्पण की शिक्षा देता है।
इस अवसर पर चेयर पर्सन डाॅ0 अनीता यादव, प्रति कुलाधिपति डाॅ0 अंचल सिंह, प्रबंध निदेशक डॉ. अतिक्ष सिंह, कुलपति डॉ. अनिल कुमार, कुलसचिव रणजीत यादव तथा सलाहकार डॉ. रंगनाथ मिश्र, विधि संकाय के डीन डॉ. राजपाल सिंह, डीन आयुर्वेद डॉ अम्बरीश बाथम, फार्मेसी संकाय की डीन डॉ. बिंदु राठौर, नर्सिंग संकाय की डीन प्रो. शेरीन पी. एलेक्स, डीन इंजीनियरिंग डीन डॉ. निखिल श्रीवास्तव उपस्थित रहे। अरुण कुमार, विवेक आदि ने व्यवस्था संभाली।
इसके साथ ही जिले के हनुमान मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई और जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच शरबत वितरण से लोगों को राहत मिली। दिनभर मंदिरों और भंडारों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही, जिससे क्षेत्र में धार्मिक माहौल रहा।

