फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 29 जून। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के पुलिस दीवान के यहां हुई लाखों की चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। थाना मऊदरवाजा के ग्राम अजमतपुर रोड पर सिद्धार्थ कान्वेंट स्कूल के निकट पुलिस दीवान आलोक कुमार जाटव ने एक वर्ष पूर्व मकान बनवाया है। जनपद मैनपुरी थाना एलाऊ के ग्राम हबीलिया के मूल निवासी आलोक कुमार की पत्नी श्रीमती रूपा देवी चार बच्चों एवं परिजनों के साथ 17 जून को खाटू श्याम के दर्शन करने जयपुर गए थे। परिजन आज सुबह घर वापस लौटे। 27 जून की रात में गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। चोरों ने तीन कमरों के ताले तोड़े और कमरे में रखी अलमारी में पैरों से टक्कर मारकर लाक तोड़ दिया, इसी दौरान चोर के जूते के निशान अलमारी पर छप गए। 

घटना वाली रात दीवान आलोक कोतवाली कायमगंज क्षेत्र की पीआरबी की नाइट ड्यूटी करने गए थे। दीवान आलोक कुमार सुबह करीब 10 बजे घर पहुंचे तो मेन गेट का ताला गायब देखकर टेंशन में आ गए घर का नजारा देखकर परेशान हो गए। टूटी अलमारी के साथ कमरे में रखे बड़े बक्सा एवं दूसरे कमरे में रखे बक्से का सामान फैला हुआ था। चोर जाते समय ताला काटने वाले लंबे कटर को पड़ोस में फेंक गए थे, कटर को फॉरेंसिक टीम अपने साथ ले गई। दीवान आलोक कुमार की सूचना पर डायल 100 पुलिस के अलावा मेडिकल चौकी पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम में जांच पड़ताल की। 
श्रीमती रूपा देवी ने एफबीडी न्यूज़ को बताया की चोर करीब 15 लाख रुपए कीमती जेवरात एवं 35 हजार की नकदी ले गए हैं। जेवरातों में सोने की दो अंगूठी, चेन, दो नाक की बेसर, एक जोड़ी झुमकी 2 जोड़ी पायलें, मंगल सूत्र, कमर की करधनी एवं लड़कियों की तीन जोड़ी तोडियां थी।
घटना से संबंधित तीन संदिग्ध चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। घटनास्थल के निकट रहने वाला युवक ने रात करीब 1.30 बजे सड़क पर तीन लड़कों को देखा था। तीनों युवक बाइक पर सवार होकर बाईपास की ओर चले गए थे।

दीवान आलोक कुमार ने एफबीडी न्यूज़ को बताया कि मैने बीते दिन ही पुलिस को तहरीर दे दी थी। अभी तक रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि अभी तक थानाध्यक्ष एवं अन्य किसी अधिकारी ने घटना स्थल का निरीक्षण नहीं किया है। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने एफबीडी न्यूज़ को बताया की घटना कि जांच की जा रही है।

