फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 8 जुलाई। कमालगंज थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली से घायल हत्यारे विनेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके भाई अवधेश हत्यारे को भी पकड़ लिया है। कमालगंज थाना पुलिस ने दावा किया है की थाना पुलिस ने बीती रात ग्राम भोजपुर के सामने संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। हड़बड़ी में बाइक के फिसल जाने के बावजूद उस व्यक्ति ने पुलिस के ऊपर गोली चलाई। पुलिस ने भी जवाबी गोली चलाई जिससे संदिग्ध व्यक्ति के बाएं पैर में गोली लगी। घायल को सीएचसी कमालगंज ले जाया गया। जिसने थाना कमालगंज के ग्राम कल्लू नगला निवासी विनेश पुत्र राम भरोसे बताया। विनेश के पास 315 बोर का तमंचा कारतूस एवं दो खोखा बरामद हुए हैं।
थाना पुलिस ने विनेश के बड़े भाई अवधेश की भी गिरफ्तारी दिखा दी है। जिसकी निशान देही पर सोनेलाल के शव को फेंकने में प्रयोग किए गए ट्रैक्टर एवं उसे उसे मारने वाले डंडे को भी बरामद कर लिया है। मालूम हो कि बीते दिनों थाना क्षेत्र में जनपद शाहजहांपुर थाना जलालाबाद के ग्राम पुरैना निवासी सोनेलाल ड्राइवर का शव मिला था सोनेलाल की हत्या के मामले में उसके पिता सुरेश सिंह ने अवधेश व विनेश के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्या का कारण सोनेलाल के द्वारा उपदेश की पत्नी आरती के साथ मोबाइल फोन से बातचीत करना बताया गया।
भाइयों ने कबूला जुर्म
अवधेश ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि मुझे कुछ समय से शक था कि मेरी गैरमौजूदगी में मेरे घर पर कोई व्यक्ति आता-जाता है, जिसके कारण मैं निगरानी रखने लगा था। 6.07.2026 को मैं बहाना बनाकर घर से बाहर चला गया तथा देर रात्रि वापस आने पर घर के अंदर सोनेलाल नामक व्यक्ति मिला। पूंछताछ करने पर वह गाली-गलौज करने लगा तथा परिवार के संबंध में अनर्गल बातें करने लगा। जिससे हमारे बीच कहासुनी व हाथापाई हो गई। गुस्से में मैंने पास पड़े डंडे से उसके सिर व चेहरे पर मार दिया और अपने भाई विनेश को बुला लिया। विनेश के आने पर हम दोनों ने घर में पड़ी रस्सी से सोनेलाल का गला कस दिया जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर ब्रह्मदेव मंदिर के आगे सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया।
मैं मौका पाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को छिपाने की फिराक में था, तभी पुलिस ने मुझे पकड़ लिया। अभियुक्त वीनेश ने पुलिस को बताया कि दिनांक 06.07.2026 की रात्रि भाई अवधेश के फोन पर उसके घर पहुंचा। जहां दोनों ने मिलकर रस्सी से सोनेलाल का गला कस दिया तथा शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली से ब्रह्मदेव मंदिर के आगे सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया। भाई अवधेश की गिरफ्तारी की जानकारी होने पर मैं छिपने जा रहा था। पुलिस टीम को देखकर पकड़े जाने के डर से मैंने अपने पास मौजूद तमंचे से पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

