फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 8 जुलाई। आज फर्रुखाबाद से संकिसा बौद्ध नगरी तक नई बस सेवा का शुभारंभ हो गया है। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन बस सेवा के अंतर्गत आज फर्रुखाबाद के नागरिकों और पर्यटकों को एक बड़ी सौगात मिली है। विधायक नागेंद्र सिंह राठौर आज फर्रुखाबाद बस स्टैंड से एक नई बस सेवा को व हरी झंडी दिखाकर संकिसा के लिए रवाना किया। यह बस फर्रुखाबाद से शुरू होकर मोहम्मदाबाद और आस्था के प्रमुख केंद्र नीम करौरी होते हुए विश्व प्रसिद्ध बौद्ध पर्यटन स्थल संकिसा बसंतपुर तक का सफर तय करेगी।
इस नई बस सेवा के शुरू होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और भी मजबूत हो गई है। अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों नीम करौरी और संकिसा तक पहुंचना बेहद आसान और सुविधाजनक हो गया है। क्षेत्र के दैनिक यात्रियों और नागरिकों को अब यात्रा के लिए एक सुरक्षित, सस्ता और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। संकिसा बौद्ध स्थल और नीम करौरी जैसे प्रमुख ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि होगी।
बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पूरे क्षेत्र के विकास को एक नई गति मिलेगी। इस ऐतिहासिक कदम का स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और व्यापारियों ने पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया है। सायं संकिसा जाने वाली बस रात में संकिसा में ही रुकेगी जो दूसरे दिन सुबह 7 बजे फर्रुखाबाद के लिए रवाना होगी।

