मंत्री की चेतावनी: अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन अवश्य उठाएं

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़ 17 जुलाई। सूबे के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, एवं प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जनपद के विकास कार्यक्रमों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे जनप्रतिनिधियों के फोन अवश्य उठाएं।कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक डॉ0 सुरभि, सदस्य विधान परिषद प्रांशु दत्त द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा व अन्य पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मंत्री सहित अन्य अतिथियों को स्वागत स्वरूप पौधा तथा ओडीओपी उत्पाद का चित्र भेंट किया गया।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगमता से उपलब्ध कराकर जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार न बरती जाए।

मंत्री ने कहा कि समस्त जिला स्तरीय अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ दूरभाष पर संवाद स्थापित करते हुए उनके फोन अनिवार्य रूप से उठाएं। विकासकारी परियोजनाओं एवं निर्माणकार्यों के शिलान्यास तथा लोकार्पण कार्यक्रम स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा ही संपन्न कराएं। इस कार्य में शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी पर कार्यवाही की जाएगी। ग्रामीण पेयजल की समीक्षा के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं की साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।

इसके साथ ही समस्त विभागीय अधिकारी जनपद में कार्य पूर्ण निर्माण परियोजनाओं की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं। सिंचाई विभाग की समीक्षा के तहत नलकूप अधिकारी को निर्देश दिए कि स्थाई एवं अस्थाई नलकूपों की सूचना जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराते हुए नए नलकूपों की स्थापना उपलब्ध धनराशि के अनुरूप पूर्ण कराएं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की समीक्षा के दौरान उन्होंने परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए कि बेवर रोड पर हाईवे की सड़कों की मरम्मत गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराएं। उद्योग विभाग की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि उपायुक्त उद्योग एवं अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक आपसी समन्वय के साथ सीएम युवा उद्यमी योजना के लंबित आवेदनों का निस्तारण शीघ्रता के साथ पूर्ण कराएं।

विद्युत विभाग की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की समय अवधि में वृद्धि लाएं, उन्होंने कहा कि शासन को प्रेषित विद्युत आपूर्ति के आंकड़े की प्रगति वास्तविक प्रगति से भिन्न होने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य इकाइयों पर चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कार्मिकों के स्वीकृत पदों के सापेक्ष तैनात एवं रिक्त पदों की सूची उपलब्ध कराएं, जिससे रिक्त पदों की सूचना शासन को प्रेषित की जा सके।

विकास कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान मंत्री ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, ग्रामीण विकास, स्वच्छता तथा अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। बैठक में जिला विकास अधिकारी ने जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया तथा विभागवार उपलब्धियों एवं लंबित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में मंत्री सहित उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र हेतु ई0सी0सी0ई0 किट, स्वयं सहायता समूह की विद्युत सखी महिलाओं को विद्युत ई-पॉश मशीन, मिनी नंदिनी कृषक दुर्घटना के 2 लाभार्थियों को चेक, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाभार्थियों को नमूना चाबी, दिव्यांग विभाग के अंतर्गत 2 लाभार्थियों को ब्रेल किट, उद्योग विभाग के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के स्वीकृति प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 5 लाभार्थियों को दुर्घटना बीमा प्रमाण पत्र, स्वामित्व योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को घरौनी पत्र, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के तहत शादी अनुदान योजना में 5 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनंद उपाध्याय, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी एस0के0 तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!