हर्षोउल्लास से संपन्न हुआ श्री 1008 पार्श्वनाथ विधान: नवीन प्रतिमा स्थापना पर उमड़े श्रद्धालु

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 19 जुलाई। श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, लोहाई रोड पर आज भगवान श्री 1008 पार्श्वनाथ की नवीन प्रतिमा स्थापना के उपलक्ष्य में रविवार को श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ श्री 1008 पार्श्वनाथ विधान का भव्य आयोजन हुआ। धार्मिक आयोजन में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ अर्जित किया।
विधान का संचालन हाथरस से पधारे प्रतिष्ठित पंडित विशाल जैन के सान्निध्य में जैन परंपरा एवं विधि-विधान के अनुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री 1008 पार्श्वनाथ के मंगल अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। नवीन प्रतिमा के अभिषेक एवं शांतिधारा की बोली मूर्ति प्रदाता विद्या प्रसाद जैन परिवार ने लेकर पुण्यार्जन किया।

भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा मोहित जैन, अतुल जैन, प्रवीन जैन, मयंक जैन, सौरभ जैन, मिंकू जैन एवं प्रदीप जैन ने श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न कराई। इसके पश्चात अजीत जैन म्यूजिकल ग्रुप द्वारा प्रस्तुत संगीतमय भक्ति गीतों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। महिलाओं एवं बच्चों ने मनमोहक भक्ति नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
विधान के समापन पर विधि-विधान से पूजन एवं हवन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री 1008 पार्श्वनाथ के श्रीचरणों में विश्व शांति, मानव कल्याण, सुख-समृद्धि एवं सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।

दिनभर मंदिर परिसर में धर्म, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने नवीन प्रतिमा के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया तथा आयोजन की भव्यता, अनुशासित व्यवस्था एवं धार्मिक वातावरण की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर पंकज जैन, सौरभ जैन, ममता जैन, नंदिता जैन, शिखा जैन, वर्षा जैन, नीलम जैन, अंजू जैन, आरती जैन, मीनू जैन, राजकुमारी, मंजू जैन, रेखा जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!