सीपी के 8 छात्रों की पिटाई: छूट गया चुटैल छात्रों का दोषी वार्डन

फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 22 जुलाई। नगर के बाईपास स्थित सीपी इंटरनेशनल स्कूल में बीती रात 8 छात्रों की पिटाई किए जाने से अभिभावकों में रोष व्याप्त हो गया। छात्रों को पीटने वाले वार्डन को पुलिस के हवाले किया गया। बताया गया कि सीपी स्कूल के हॉस्टल में करीब 5 दर्जन छात्र रहते हैं। बीती रात करीब 9 बजे बिजली के चले जाने से गर्मी से परेशान छात्रों ने हंगामा मचाया। इसी बात से गुस्साए हॉस्टल के गार्डन सत्यजीत तिवारी ने पाइप से हंगामा मचाने वाले छात्रों की पिटाई की।

पिटाई से चुटैल छात्रों ने किसी तरह परिजनों को जानकारी दी, अभिभावकों ने शिक्षकों को जानकारी दी और स्वयं बच्चों को देखने स्कूल पहुंचे। स्कूल के प्रधानाचार्य पी रथ ने तुरंत ही घटना की जानकारी स्कूल की निदेशक श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल को दी। श्रीमती अग्रवाल ने तुरंत ही कायमगंज स्थित अपने मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल के डॉक्टर व कंपाउंडर को उपचार के लिए स्कूल भेजा। छात्रों का परीक्षण करने के बाद डॉक्टर पिटने वाले छात्रों को बस से कायमगंज मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल ले गए वहां छात्रों का उपचार कर उनका एक्स-रे किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही हलके के दरोगा पंकज कुमार यादव स्कूल पहुंचे। उस समय गुस्साए अभि भावक वार्डन को गाली गलौज कर पीटने का प्रयास कर रहे थे।

पुलिस ने वार्डन सत्यजीत तिवारी को हिरासत में ले लिया। गुस्साए अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के ऊपर छात्रों की पिटाई करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जाहिर की। अस्पताल से स्कूल ले गए अधिकांश छात्र मायूस लड़खड़ाते हुए चलते दिखे। एक छात्र ने परिजनों को बताया की साथियों की पिटाई देखकर भयभीत हो जाने से छत से कूदने का प्रयास करने लगा तभी साथियों ने उसे कूदने से रोक लिया। उसने बताया की वार्डन ने ग्रीन कलर के पाइप से साथियों की पिटाई की है। अभिभावक आनंद कुमार ने बताया कि वह घटना की सूचना मिलने पर सबसे पहले कॉलेज पहुंचे उस दौरान उनके भतीजे को वार्डन धमका रहा था।

उन्होंने छात्रों को बंधक बनाए जाने का भी आरोप लगाया। फतेहगढ़ के अभिभावक सुमित कटियार व्यापारी ने बताया कि उनके दोनों बच्चों के साथ मारपीट की गई है। स्कूल की निदेशक श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि छात्रों का एक्स-रे किया गया है किसी को भी गंभीर चोट नहीं है। दो-तीन छात्रों की पीवीसी पाइप से पिटाई करने वाले वार्डन की गलती है। उन्होंने बताया की घटना की जानकारी होते ही मैंने डॉक्टर व कंपाउंडर को छात्रों का उपचार करने के लिए स्कूल भेजा था। स्कूल के प्रधानाचार्य पी रथ ने एफबीडी न्यूज को बताया की स्कूल के सात आठ बच्चों की पिटाई करने वाले वार्डन को पुलिस के हवाले करने के बाद उसे नौकरी से हटा दिया गया है।

हाथ टूटने की शिकायत करने वाले छात्रों का बीती रात ही एक्स-रे किया गया, किसी को कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई। उन्होंने बताया कि हॉस्टल में 64 छात्र रहते हैं अभिभावकों से बातचीत कर उन्हें संतुष्ट कर दिया गया है अब स्थिति सामान्य है। बताया गया कि कानपुर निवासी वार्डन सत्यजीत तिवारी ने 16 जुलाई को ही स्कूल में ज्वाइन किया था। मऊदरवाजा थाना अध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि स्कूल की ओर से वार्डन के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई पूछ-ताछ करने के बाद वार्डन को उसके परिचित के हवाले किया गया है।

error: Content is protected !!