फर्रुखाबाद (एफबीडी न्यूज़) 21 सितंबर 26। तहसील सदर के उप निबंधक ने फर्जी आधार कार्ड से बैनामा करने का प्रयास करने वाले तीन लोगों को पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना कमालगंज के ग्राम सबलपुर निवासी वृद्ध कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला ग्वालटोली के युवकों को लेकर चार बीघा जमीन का बैनामा करने सब रजिस्टर कार्यालय गया था। बैनामा पर पेश होने पर उपनिबंधक रविकांत यादव ने विक्रेता का आधार कार्ड चेक किया, तो वह फर्जी निकला।
श्री यादव ने विक्रेता से सख्ती से पूंछताछ तो भय के कारण वृद्ध ने बताया कि उसने खेत बेचने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवाया था। आधार कार्ड के फर्जी होने का खुलासा होते ही विक्रेता व युवक कार्यालय से भागने का प्रयास करने लगे। तभी उपनिबंधक ने कार्यालय के कर्मचारियों के सहयोग से तीनों को पड़कर कार्यालय में बैठा लिया। सूचना मिलने पर मऊदरवाजा पुलिस तीनों को पड़कर थाने ले गई। थाना पुलिस तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।

