फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) चेयरमैन श्रीमती वत्सला अग्रवाल की सत्ता खत्म होते ही सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारियों पर शिकंजा कस दिया है। उन्होंने नगर को क्लीन करने की चेतावनी देते हुए कर्मचारियों को हिदायत दी है कि अब शहर में बदलाव दिखना चाहिए नहीं तो लापरवाह कर्मचारियों की खैर नहीं होगी।
आज सायं सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने नगर पालिका के सभागार में अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार, नायब तहसीलदार मोनिका तिवारी आदि कर्मचारियों के साथ बैठक की। श्री द्विवेदी ने बैठक की शुरुआत में सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र न लगाये जाने पर नाराजगी व्यक्त की और तत्काल प्रभाव से अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार को चित्र लगवाने के निर्देश दिए।
सदर विधायक श्री द्विवेदी ने बताया प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद नगर पालिका में विगत वर्षों में शासन की मंशा के विपरीत कार्य हुआ। प्रदेश की योगी सरकार नगरपालिका के आधुनीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। नगर पालिका को सरकार के द्वारा शहर के विकास के लिए बड़ी तादात में धन आवंटित किया जा रहा है। शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए शासन की ओर से निरंतर प्रयास किया जा रहा है लेकिन विगत वर्षों में पारदर्शिता के साथ कार्य नहीं हुआ। सर्दी के मौसम में भी जनता की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर ध्यान नहीं दिया गया शहर चारों ओर से गंदगी से भरा हुआ है।
शहर की गलियों तिराहा एवं चौक चौराहों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं जिसके कारण आम जनमानस को समस्याएं उत्पन्न होती है। उन्होंने ईओ को निर्देश दिया कि शहर में कूड़े के निस्तारण के लिए कार्य योजना बनाई जाए ताकि आम जनमानस को कूड़े की समस्या से निजात दिलाया जाए। सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए शहर की मलिन बस्तियों आदि स्थानों को चिन्हित करके वहां अलाव की व्यवस्था की जाए। किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं बल्कि उस स्थान पर आम जनमानस की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अलाव के लिए लकड़ी उपलब्ध कराई जाए। नगर पालिका द्वारा चिन्हित अलाव स्थानों की संख्या को बढ़ाकर ज्यादा से ज्यादा स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पूरा शहर आवारा जानवरों एवं बंदरों से परेशान है जिस को ध्यान में रखते हुए आवारा बंदरों को पकड़ने के लिए पूरी कार्ययोजना बनाये। आवारा कुत्तों को भी पकड़वाने की कार्य योजना बनाकर अमल में लाई जाए। उन्होंने पटेल पार्क के निर्माण को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। नाली और नालों की सफाई के लिए एक विशेष अभियान चलाया जाए ताकि आने वाले दिनों में शहर में जलभराव की समस्या से भी निजात मिले। शहर में खराब पड़ी हुई स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए। ताकि कोहरे में आम जनमानस को असुविधा का सामना ना करना पड़े। उन्होंने फर्रुखाबाद को क्लीन और ग्रीन बनाने के निर्देश दिए।
सरकार की मंशा के विपरीत कार्य करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक बृजेश सिंह सफाई नायक विनय कश्यप यही गौरव मिश्रा लिपिक विजय शुक्ला भाजपा मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी आदि कर्मचारी मौजूद रहे