मोहम्मदाबाद से भाजपा टिकट के लिए लंबी लाइन: यादव परिवार की होगी अग्निपरीक्षा 

मोहम्मदाबाद फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज) नगर पंचायत मोहम्मदाबाद के अध्यक्ष पद का आरक्षण पिछड़ा वर्ग का हो जाने के कारण भाजपा से अध्यक्ष पद की लिए उम्मीदवारों की लंबी लाइन है। नगर पंचायत चुनाव में पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव के परिवार की अग्नि परीक्षा होगी। भाजपा से चुनाव लड़ने के लिए राजेश वर्मा सुनार परमानंद वर्मा सुनार नरसिंह वर्मा सुनार राजेश बाथम डॉक्टर सूरज वर्मा सत्य नारायण सक्सेना आधा दर्जन लोगों ने दावेदारी कर दी है।

बाइक मिस्त्री राजेश बाथम एवं झोलाछाप डॉक्टर सूरज वर्मा स्वयं को सांसद का प्रतिनिधि बताते हैं। सत्यनारायण सक्सेना ने बीता चुनाव बसपा की टिकट पर लड़ा था। धनवान एवं व्यवहार कुशल होने के कारण राजेश वर्मा टिकट मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। सपा से निवर्तमान अध्यक्ष हरीश कुमार यादव एवं पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार यादव उर्फ ललुआ की प्रबल दावेदारी है। कांग्रेस से बलराम सक्सेना एवं विपिन सैनी ने आजाद समाज पार्टी से चुनाव लड़ने का मन बनाया है।

विपिन सैनी ने बीता चुनाव कांग्रेस की टिकट पर लड़ा था। बसपा को कोई प्रत्याशी ढूंढे नहीं मिल रहा है बसपा नेताओं ने चुनाव लड़ने के लिए विपिन सैनी से संपर्क किया। लेकिन श्री सैनी ने बसपा से चुनाव लड़ने से साफ मना कर दिया है।
यादव बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण सपा का करीब ढाई दशक से अध्यक्ष पद पर कब्जा है। अभी तक भाजपा का खाता नहीं खुला है। निवर्तमान अध्यक्ष हरीश यादव व पूर्व में दो बार अशोक कुमार उर्फ ललुआ व दो बार ललुआ की पत्नी अध्यक्ष रही हैं।

भाजपा के लिए सपा की परंपरागत सीट छीनना काफी मुश्किल मुश्किल होगा। नगर पंचायत के पहले चुनाव में पत्रकार ओमप्रकाश बाथम ने भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। उनके विरोध में पूर्व आईजी स्वर्गीय भारत सिंह यादव मैदान में थे। भारत सिंह 16 9 वोटों से चुनाव जीत गए थे। विरोधियों ने षड्यंत्र रच कर ओम प्रकाश को चुनाव हराया था। मतगणना में ओमप्रकाश के 410 वोट निरस्त कर दिए गए थे।

पोलिंग कर्मचारी ने मोहर तोड़कर अंगूठे के निशान से वोट डलवाए थे। नगर पंचायत के करीब 20 हजार मतदाताओं में यादवों के सर्वाधिक वोटर हैं। उसके बाद दलित वैश्य समाज मुस्लिम कश्यप एवं शाक्य समाज के मतदाता हैं। इस चुनाव में भाजपा, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव व उनके परिवार का इम्तिहान लेगी। भाजपा ने समर्थन देकर नरेंद्र सिंह यादव की बेटी मोनिका यादव को जिला पंचायत का अध्यक्ष बनाया है।

यदि यादव परिवार भाजपा प्रत्याशी का खुला समर्थन करेगा तो पहली बार साइकिल के गढ़ में कमल खिलेगा। नहीं तो साइकिल पहले की तरह चलती ही रहेगी। यादव परिवार के सहयोग से भाजपा मोहम्मदाबाद के अलावा नगर पंचायत संकिसा व नवाबगंज नगर पंचायत में भी कमल खिला सकती है। कहा जाता है कि यदि यादव परिवार ने मतदान के समय राजनीत की तो भाजपा भी अपना खेल खेलेगी।

आरक्षण बदल जाने के कारण चुनाव लड़ने की जोरदार तैयारी करने वाले पूंजीपति बृजेश दुबे के अरमान धरे के धरे रह गए हैं।

(यश वर्मा की रिपोर्ट)

error: Content is protected !!