फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) स्थानीय निकाय चुनाव में आम जनता बडे नेताओं तक को भाव नहीं दे रही है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने आज नगर पंचायत नवाबगंज में अध्यक्ष पद की सपा प्रत्याशी विनीता शाक्य के समर्थन में जनसभा की। भीड न आने के कारण अधिकांश कुर्सियां खाली रही जिसके कारण मंचासीन नेताओं के चेहरे मुरझाए दिखे।
जनसभा में सपा के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव नागेंद्र शाक्य सर्वेश अंबेडकर विजय यादव मंदीप यादव मीडिया प्रभारी इलियास मंसूरी अरविंद शाक्य आदि लोग मौजूद रहे। मालूम हो भारतीय किसान यूनियन टिकट गुट के जिला अध्यक्ष अरविंद शाक्य की पत्नी चुनाव लड़ने के कारण रातों-रात समाजवादी पार्टी की कार्यकर्ता बन गई। अरविंद शाक्य भी सपा में नहीं है वह एक बार जिला पंचायत के सदस्य बने और बाद में जिला पंचायत के कई चुनावों में हार मिली।
बताया जाता है कि भाजपा की टिकट पर परिवार के ही सर्वेश शाक्य के चुनाव लड़ने के कारण अरविंद ने उन्हें हराने के लिए विनीता को मैदान में उतारा है। अब उन्हें सजातीय के अलावा सपा के पारंपरिक वोटो के मिलने के लाले पड़ रहे हैं। बर्षो से जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दिन-रात गुणगान करने वाले धर्मेंद्र सिंह उर्फ देवेंद्र शाक्य भी रातों-रात कांग्रेसी बन गए और कांग्रेस की टिकट लेकर चुनाव लड़ रहे हैं।
आम आदमी पार्टी से डॉक्टर काशीराम कुशवाहा भी मैदान में है। आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी बन्ने खां एवं निर्दलीय प्रत्याशी डॉक्टर कमलेश आर्य की स्थिति मजबूत बताई जा रही है। कमलेश सपा के पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव के काफी करीबी है उन्हीं के इशारे पर सजातीय वोट कमलेश को मिलने की संभावना जताई जा रही है। बीते दिनों नरेंद्र सिंह यादव भाजपा में शामिल हो गए हैं।
लेकिन उनके समर्थकों का वोट किसे मिलेगा यह मतदान के बाद ही पता चलेगा। नवाबगंज नगर पंचायत में प्रत्याशियों की संख्या सर्वाधिक 29 है। पार्टी का वोट दिलाने के लिए सपा नेता नागेंद्र शाक्य की नवाबगंज में ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन वह भी कोई करिश्मा नहीं कर पा रहे हैं।