फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) सपा के जिला बदर अपराधी प्रवृति के नेता उदय पाल सिंह यादव मजबूरी में जिले की सीमा से चुनाव का संचालन कर रहे है। जिलाधिकारी ने करीब 5 माह पूर्व कंपिल टाउन एरिया के पूर्व चेयरमैन उदय पाल सिंह यादव को 6 माह के लिए जिला बदर कर दिया था। जिसकी अवधि 29 जून को खत्म होने वाली है।
सपा मुखिया ने जिला बदर होने के कारण उदय पाल को पार्टी की टिकट न देकर मां श्रीमती राजवती को प्रत्याशी बनाया है। उदय पाल ने सिंह ने निर्दलीय नामांकन किया है। उदय पाल ने जनपद की सीमा से करीब एक किलोमीटर दूर जिला बदायूं के अटैना पुल के निकट चर्चित आलीशान भवन में ठिकाना बनाया है। वहीं से चुनाव प्रचार का संचालन किया जा रहा है।
बताया गया है कि उरयपाल अधिकांश लोगों से टेलीफोन पर ही मदद मांग रहा है और जरूरतमंद लोगों को अपने अड्डे पर बुलाता है। जहां करीब 50 लोगों की भीड़ लगी रहती है। रुपयों के बल से एवं तिकड़म बाजी से टाउन एरिया पर दो बार कब्जा करने वाले उदयपाल को इस बार बसपा प्रत्याशी से जबरदस्त टक्कर मिल रही है। हार के डर से बेचैन उदय पाल ने परंपरागत सीट बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत लगा दी है।
हाथी के प्रभाव के कारण उदय पाल के खास चुनाव रणनीतिकारों ने दूरी बना ली है। बीते चुनाव में साइकिल चलाने वाला अल्पसंख्यक समाज हाथी पर सवार हो गया है। उदयपाल ने भाजपा की वोटो में जबरदस्त सेंधमारी की है। क्षेत्र में जबरदस्त चर्चा है की पहली बार ऊंट पहाड़ के नीचे आया है। बताया जाता है कि पुलिस में सिपाही रहे उदय पाल सिंह किसी समय सपा सरकार के काबीना मंत्री शिवपाल सिंह यादव की कोठी पर सुरक्षा ड्यूटी करते थे।
राजनीत के प्रभाव के कारण नौकरी छोड़ दी और सपा में शामिल हो गए। सपा सरकार में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उदय पाल सिंह यादव विकास कार्यों के लिए करोड़ो की सौगात दी थी। इसी रकम से विकास कार्यों में उदय पाल पर भ्रष्टाचार व अनियमिताओं के आरोप लगे थे।