फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) खेत में पानी लगाने के विवाद में भाई ने ही शराब ठेकेदार शैलेंद्र सिंह चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। 50 वर्षीय शैलेंद्र सिंह चौहान थाना जहानगंज के ग्राम रूनी में रहते थे उनका गांव में ही शराब का ठेका है एवं काफी जायदाद है। शैलेंद्र सिंह का भाई राजू सिंह चौहान से खेत में पानी लगाने का विवाद चल रहा है।
इसी रंजिश में आज दोपहर बाद राजू सिंह ने शैलेंद्र सिंह को मार डालने के लिए 315 बोर तमंचे से गोली चलाई। घातक गोली आंख के पास लगने से शैलेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। नजदीक से गोली चलाये जाने के कारण उनका चेहरा काला पड़ गया। भतीजे सूर्यप्रताप गंभीर घायल शैलेंद्र सिंह को लेकर देढ़ बजे लोहिया अस्पताल गए। डॉक्टर ने शैलेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर सीओ अरुण कुमार ने घटनास्थल जाकर मामले की जांच पड़ताल की। जबकि कादरी गेट थाना इंचार्ज विनोद कुमार शुक्ला ने लोहिया अस्पताल जाकर जानकारी की। वारदात करने के बाद राजू गांव से भाग गया जिसको पुलिस तलाश कर रही है।
एसपी मौके पर पहुंचे
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मौके पर जाकर व्यापक जांच पड़ताल की। उन्होंने थानाध्यक्ष को हत्यारे को तुरंत ही गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। श्री कुमार ने मीडिया को बताया की ग्राम रूनी निवासी शैलेंद्र सिंह की उनके छोटे भाई द्वारा गोली मारकर हत्या की गई है। घटनास्थल पर खोखा मिला है आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।