फर्रुखाबाद। (एफबीडी न्यूज़) कृषि उत्पाद को बेचने जा रहे किसानों से अवैध वसूली किए जाने से गुस्साए किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने ने पुलिस चौकी का घेराव किया। शहर कोतवाली की पांचाल घाट पुलिस चौकी के कर्मचारी मक्का व मूंगफली बेचने वाले किसानों से सुबह से ही अवैध वसूली कर रहे थे। फर्रुखाबाद व शाहजहांपुर के किसान रोजाना ट्रैक्टरों से मक्का व मूंगफली बेचने के लिए अल्लाहगंज बाजार आते जाते हैं।
पुलिस चौकी के सामने वाहन रोक कर अबैध वसूली किए जाने के कारण काफी लंबा जाम लग गया। पीड़ित किसानों ने इस बात की जानकारी भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के पदाधिकारियों को दी। भाकियू के जिलाध्यक्ष अरविंद शाक्य, लक्ष्मी शंकर जोशी मंडल उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा नगर अध्यक्ष योगेंद्र सिंह नगर महामंत्री कमलेश शाक्य विजय सिंह शाक्य सहित करीब तीन दर्जन किसान सुबह करीब 8 बजे पांचाल घाट पहुंचे।
अवैध वसूली के विरोध में किसानों ने पुलिस चौकी का घेराव किया। गुस्साए किसान चौकी के सामने ही धरना देने का प्रयास करने लगे। जिसकी सूचना पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संजय सिंह एवं कादरी गेट थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रयास करके जाम खुलवाया चौकी पुलिस ने अधिकारियों को बताया कि कांवडियों के कारण जाम लग गया था अवैध वसूली नहीं की जा रही थी।
किसान नेताओं ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर किसानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में किसानों से अवैध वसूली की गई तो चौकी का पुनः घेराव करेंगे।